अदलाबाद क्रय केंद्र पर 1.70 क्विंटल गन्ना कम निकलने से नाराज किसानों ने ट्रैक्टर ट्रॉली कांटे पर खड़ी करके जमकर हंगामा किया और तौल बंद करा दी। किसानों ने मामले की सूचना एसडीएम लव कुमार को दी। एसडीएम के आदेश पर पहुंचे बेलरायां चीनी मिल के केन इंस्पेक्टर को कांटे में खामियां मिलीं। गुलरिया चीनी मिल के गन्ना अधिकारी संजय मिश्रा को एसडीएम ने जमकर फटकार लगाई। एसडीएम लव कुमार ने बताया कि कांटा लिपिक को बर्खास्त कर दिया गया है।
क्षेत्र के अदलाबाद निवासी शिवकुमार गन्ना लेकर निघासन स्थित धर्मकांटे पर गए और गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली तुलवाई। इस दौरान उनका गन्ना 56.90 क्विंटल निकला। गन्ना लेकर वह गुलरिया चीनी मिल स्थित गन्ना क्रय केंद्र अदलाबाद गया। वहां जब कांटा लिपिक ने गन्ना तौला तो उसमें 1.70 क्विंटल का अंतर निकला। आरोप है कि जब किसानों ने इसका विरोध किया तो कांटा लिपिक मारपीट करने पर अमादा हो गया। बाबू की हेकड़ी देखकर वहां किसान रामचंद्र, भंडारी यादव, रमेश यादव, सुमित, बच्चा लाल, राकेश आदि किसानों ने हंगामा करते हुए मामले की सूचना एसडीएम को दी।
सूचना पर गुलरिया चीनी मिल के गन्ना अधिकारी संजय मिश्रा वहां आ गए। आरोप है कि मामला तूल पकड़ता हुआ देखकर उन्होंने कांटा लिपिक को वहां से भगा दिया। किसानों ने मामले की सूचना एसडीएम लव कुमार को दी। एसडीएम के आदेश पर बेलरायां चीनी मिल के केन इंस्पेक्टर ने जाकर कांटा चेक किया तो उसमें कमी निकली। एसडीएम लवकुमार ने बताया कि इसके पहले भी अदलाबाद क्रय केंद्र पर घटतौली हुई थी। कांटा बाबू और गन्ना अधिकारी संजय मिश्रा को हिदायत दी गई थी। दोबारा घटतौली की शिकायत सही पाए जाने पर कांटा लिपिक को जीएम गुलरिया ने बर्खास्त करते हुए वहां पर दूसरे लिपिक की तैनाती कर दी है।
एसडीएम ने बताया कि संजय मिश्रा को हिदायत दी है कि यदि दोबारा किसी भी गन्ना क्रय केंद्र पर कमी मिली तो कार्रवाई की जाएगी।