लखीमपुर खीरी। लंबी बीमारी से जूझ रहे एक किसान ने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव बेड़नापुर निवासी रंजीत सिंह (65) खेती-किसानी करते थे। बताया जाता है कि लम्बे समय से किसी बीमारी से जूझ रहे थे। परिजनों के मुताबिक रंजीत की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। कई जगहों से इलाज कराने के बाद भी रंजीत के स्वास्थ्य में सुधार होता हुआ नहीं दिखाई दे रहा था। बीमारी से तंग आकर रंजीत ने बुधवार की देर रात खुद को गोली मार ली।
गोली रंजीत की दाहिनी कनपटी पर लगी। घरवाले घायल रंजीत को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा पाते, इससे पहले ही रंजीत ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची रामपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं पुलिस ने रिवाल्वर को कब्जे में ले लिया है। सदर कोतवाली प्रभारी चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की छानबीन की जा रही है। यदि जांच के दौरान कुछ निकल कर सामने आता है तो कार्रवाई की जाएगी।