बांकेगंज। न कोई दुश्मनी न पुरानी रंजिश। कमलेश की हत्या की गुत्थी उलझ गई है। हत्यारों ने कुल्हाड़ी से काट कर कमलेश को मौत के घाट उतारा है। इससे पुलिस भी हतप्रभ नजर आ रही है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। उधर बृहस्पतिवार को एएसपी पूरनपुर गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामले में परिजनों से जानकारी ली।
बुधवार रात करीब साढे नौ बजे पूरनपुर गांव के छेदालाल के 20 वर्षीय पुत्र कमलेश की पड़ोस में रहने वाले राजू, किशोरी, अशोक और सूरज ने प्राथमिक स्कूल के पास कुल्हाड़ी के ताबड़तोड़ प्रहार से नृशंस हत्या कर दी। बताया जाता है कि इससे पहले पांचों युवक साथ-साथ बांकेगंज आए थे। सभी साथ में ही अपने गांव वापस गए। इस बीच पांचों के बीच ऐसी क्या बात हुई, जो उसके अन्य साथियों ने मिलकर कमलेश की हत्या कर दी।
कमलेश चार दिन पहले ही सोनीपत से गांव आया था। मामले में मृतक के भाई विमलेश की तहरीर पर थाना मैलानी पुलिस ने पूरनपुर गांव के राजू समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। बृहस्पतिवार को एएसपी नेपाल सिंह पूरनपुर गांव पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण के बाद मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संबंधित जानकारी ली। कमलेश की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पूरनपुर गांव में कमलेश की हत्या मामले में गांव के ही चार लोगों के खिलाफ थाना मैलानी में हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
- प्रवीण कुमार, सीओ गोला
फाइल फोटो कमलेश।