लखीमपुर खीरी। किसान दिवस की बैठक में दोगुनी आमदनी का मुद्दा छाया रहा। किसानों ने गन्ना उत्पादन की लागत बढ़ने और समय पर गन्ना मूल्य भुगतान का मुद्दा उठाया। इस पर जिला गन्ना अधिकारी ब्रजेश कुमार पटेल ने गन्ने की खेती में लागत कम करने के तरीके बताते हुए वैैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए किसानों को प्रेरित किया।
कलक्ट्रेट सभागार में सीडीओ रवि रंजन की अध्यक्षता में किसान दिवस हुआ, जिसमें कृषि वैज्ञानिक डॉ. जियालाल गुप्ता ने बताया कि वर्षा होने से किसानों को सिंचाई से राहत मिली है। किसान आलोक शुक्ला ने आर्यावर्त बैंक फरधान शाखा में किसानों के कार्य न किए जाने की शिकायत की। अंजनी दीक्षित ने गन्ने की उत्पादन लागत में वृृद्धि की बात कही। अग्रणी जिला प्रबंधक जितेंद्र नाथ श्रीवास्तव ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड लिमिट पांच साल के लिए बनाई जाती है, जिस पर 10 प्रतिशत प्रति वर्ष वृद्धि का प्रावधान है। एक लाख पर चार प्रतिशत वार्षिक ब्याज निर्धारित है। समय से जमा न होने पर 12 प्रतिशत ब्याज लगता है। जिला कृषि अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान मान धन योजना का शुभारंभ हुआ है, जिसका संचालन कामन सर्विस सेंटर के माध्यम से किया जाएगा। इसमें 18 से 40 वर्ष तक के किसान पेंशन योजना से लाभान्वित हो सकते हैं। किसान की 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 3000 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी।
उप कृषि निदेशक टीएम त्रिपाठी ने बताया कि फसल अवशेष प्रबंधन में प्रयोग होने वाले कृषि यंत्रों पर 50 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध है। 23 अगस्त 2019 तक यूपी स्टेट एग्रो इंड्रस्ट्रीयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के नाम से बैंक ड्राफ्ट बनाकर जमा करना होगा। कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. इंद्रेशु कुमार गौतम, डॉ. पीके बिसेन, जिला उद्यान अधिकारी दिग्विजय कुमार भार्गव, भूमि संरक्षण अधिकारी राम शिष्ट, प्रमोद कुमार मौजूद रहे।