लखीमपुर खीरी। जिले में अभी तक आधी धान खरीद भी नहीं हो पाई है। जबकि, गेहूं खरीद का बैनर टंग गया है। अब तक महज 37 प्रतिशत खरीद हुई है। पांच क्रय एजेंसियों के 169 केंद्रों पर महज 92,420 मीट्रिक टन ही खरीद हुई है, लक्ष्य 2.5 लाख मीट्रिक टन खरीद का है।
जिले में धान खरीद इस बार जहां हिचकोले ले रही है, वहीं राइस मिलर्स की बल्ले बल्ले है। सरकारी खरीद से ज्यादा आढ़तियों व राइस मिलर्स ने खरीदारी की है। धान के रेट में भी 100 रुपये तक का अंतर देखा जा रहा है। शनिवार को मंडी में 2080 रुपये प्रति क्विंटल की बोली लगी। जबकि, बासमती धान की बोली 2180 रुपये रही।
जानकार बताते हैं कि सरकारी खरीद जहां धीमी गति से चल रही है, वहीं राइस मिलर्स दिल खोलकर खरीदारी कर रहे हैं। धान खरीद केंद्र जहां खाली पड़े हैं, वहीं गेहूं खरीद के समर्थन मूल्य को लेकर पहले से ही बैनर टांग दिया गया है।
पांच क्रय केंद्रों ने 11,065 किसानों से खरीदा 92,420 मीट्रिक धान
खरीद एजेंसी- केंद्रों की संख्या- किसानों की संख्या- कुल खरीद
1-एफसीएस- 38- 5239-44116 एमटी
2- एफसीआई-4-41-189 एमटी
3- पीसीएफ- 64-2726-22,877 एमटी
4- यूपीसीयू-50-2514- 20761 एमटी
5- यूपीएसएस-13- 545-4417 एमटी
-
150 रुपये बढ़ेगा इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य
धान खरीद से सबक लेते हुए शासन ने आने वाली गेहूं की फसल की खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में 150 रुपये की बढ़ोतरी की है। इस आशय का बैनर भी धान क्रय केंद्र के पास लगाया गया है। इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 2275 रुपया प्रति क्विंटल रखा गया है। बैनर में लिखा है कि एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू होगी, 48 घंटे के अंदर किसानों के खातों में भुगतान होगा।
अब तक कुल 37 फीसदी खरीद हुई है। छोटे किसानों के पास धान कम रह गया है। अब कोई शून्य सेंटर भी नहीं बचा है। सभी सेंटरों पर खरीद हो रही है। शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। एसडीएम, लेखपाल और ग्राम विकास अधिकारी को भी किसानों को सरकारी सेंटर पर धान बिक्री के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
-संजय कुमार सिंह, एडीएम, वित्त एवं राजस्व
खाली पड़े धान क्रय केंद्र में आगामी गेहूं खरीद की जानकारी देने के लिए लगा बैनर