पलियाकलां। दुधवा नेशनल पार्क में नए साल के शुरुआती दिनों में आने वाले सैलानियों को इस बार मायूस नहीं होना पड़ रहा है। इसका कारण है कि दुधवा समेत किशनपुर रेंज में सैलानियों को बाघ के दीदार हो रहे हैं।
किशनपुर में नककट्टी नाम से प्रसिद्ध एक बाघिन लगातार सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बनती जा रही है। यह अपनी तय जगह पर सैलानियों को दिख रही है। बीते शनिवार को अलग-अलग जगह दस बाघ दिखे थे।
बात करें नककट्टी की तो यह जंगल में सफारी मार्ग पर ही मिलती है और घूमते हुए एक तरफ से दूसरी तरफ चली जाती है। इसका स्वभाव भी काफी सामान्य बताया जाता है। इनदिनों यह बाघिन ही ज्यादा सैलानियों को दिख रही है।
जंगली सूअर का शिकार करते कैमरे में कैद हुआ बाघ
पलियाकलां। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें एक बाघ जंगली सूअर का शिकार कर रहा है। बताया जाता है कि उक्त वीडियो दुधवा का है और सैलानियों ने इसे अपने कैमरे से शूट किया है। सोमवार को वायरल हुए वीडियो में एक बाघ झाड़ियों में छिपा बैठा था। जैसे ही जंगली सूअर उसके सामने से गुजरा उसने उसको दौड़ते हुए हमला कर दिया और गर्दन पर वार करते हुए उसको धराशायी कर दिया। जिसको सैलानी अपने कैमरों में कैद करते भी दिखे। वीडियो सोशल मीडिया पर खासा वायरल होता रहा।