सीएचसी में बातचीत करते विधायक संवाद
मोहम्मदी। बरवर के मोहल्ला कोट निवासी व्यक्ति ने पत्नी का प्रसव कराने के बदले रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। बच्चे का टीका पक जाने संबंधी शिकायती पत्र देकर सीएचसी में विरोध-प्रदर्शन और हंगामा किया। विधायक के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन माने।
सीएचसी अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में पीड़ित अरविंद ने बताया कि बताया कि छह अगस्त को दोपहर 3:26 बजे उसकी पत्नी लक्ष्मी का प्रसव सीएचसी में कराया गया था। प्रसव के नाम पर 2200 रुपये लिए गए। सात अगस्त को उसकी बच्ची को टीका लगाया गया। गलत जगह पर लगने से टीका पक गया।
चार दिन से लगातार सीएचसी आ रहे हैं। किसी ने नहीं देखा। आरोप है कि सुबह जब अस्पताल के दवा वितरण कक्ष में पर्चा लेकर गया तो उसका पर्चा फेंककर धक्का देकर भगा दिया गया। इसके बाद सीएचसी गेट पर अरविंद और कई अन्य लोग दरा बिछा कर बैठ गए। मामले की रिपोर्ट दर्ज न होने तक भूख हड़ताल करने की बात कही।
पता चला तो नगर पालिका अध्यक्ष संदीप महरोत्रा, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रद्युम्न मिश्रा, अतुल बाजपेई, विनोद तिवारी, किसान यूनियन के नेता मौके पर पहुंचे। विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने पहुंच कर पीड़ित और सीएचसी अधीक्षक से जानकारी ली। 48 घंटे में पैसे लेने वाले स्टाफ के खिलाफ कारवाई करने को कहा। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मयंक मिश्रा ने बताया कि जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है।