लखीमपुर खीरी। परिवार रजिस्टर को ऑनलाइन किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। जनपद में अब तक 800 से अधिक ग्राम पंचायत के परिवार रजिस्टर डिजिटल के रूप में आ चुके हैं, शेष ग्राम पंचायत के परिवार रजिस्टर भी डिजिटल किए जा रहे हैं।
परिवार रजिस्टर की नकल के लिए अब ग्रामीणों को सचिव व सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अब ऑनलाइन ही मिलेंगे। अभी तक परिवार रजिस्टर केवल ग्राम पंचायतों में है, जो सचिव इसकी कॉपी उपलब्ध कराते हैं। लेकिन, अब जल्द ही डिजिटल परिवार रजिस्टर मिलने शुरू हो जाएंगे।
खसरा-खतौनी व घरौनी के बाद परिवार रजिस्टर की नकल भी ऑनलाइन मिलनी शुरू हो जाएगी। इसके लिए परिवार रजिस्टर को विभागीय वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है। डीपीआरओ विशाल सिंह ने बताया कि जनपद की 1165 ग्राम पंचायतों के परिवार रजिस्टरों को ऑनलाइन किया जाना है, जिसमें अब तक 800 किए जा चुके हैं।
ऑनलाइन आवेदन के बाद 10 दिन के अंदर परिवार रजिस्टर की नकल ऑनलाइन ही जारी कर दिया जाएगा। यह सुविधा शुरू होने पर मनमानी नहीं हो सकेगी।