लखीमपुर खीरी। जिले में छह मेडिकल स्टोर पर नकली जीवनरक्षक और एंटीबायोटिक दवाएं बिकती मिली हैं। इसके अलावा एक मेडिकल स्टोर भी बिना लाइसेंस चलता मिला। इन सबके खिलाफ ड्रग इंस्पेक्टर ने कोर्ट में वाद दायर कराया है। मेडिकल स्टोर पर जो दवाएं जांच में नकली मिली हैं। इनकी निर्माता कंपनी भी निर्धारित पते पर नहीं मिली है।
ड्रग इंस्पेक्टर सुनील रावत ने बताया कि पिछले दिनों जांच के दौरान भीरा के राणा बाजार स्थित राकेश पाल के मेडिकल स्टोर से ऑक्सीटोसिन का सैंपल लिया गया। इस क्रम में शहर के स्वरूप नगर स्थित शिवराज एवं थरवरनगंज स्थित रिलायंस फार्मास्युटिकल व कफारा की अविका फार्मेसी एंड मेडिकल से कोसेफ 200 एमजी सहित अंबारा स्थित रंजीत कुमार व गुलरिया की मंगल मेडिकल एजेंसी से कोटिन 625 एमजी दवा का सैंपल लिया गया।
इसके बाद इनकी जांच कराई गई। जिसमें यह सभी नकली मिलीं। इस पर इन दवाओं की निर्माता कंपनी के बारे में पता करने के लिए जब निर्धारित पते पर जानकारी की गई, तो पुडुचेरी में फर्म ही नहीं मिली। उन्होंने बताया यह सभी दवाएं जीवन रक्षक की श्रेणी में आती हैं। इसके अलावा अजान में बिना लाइसेंस के राठौर मेडिकल स्टोर चलता मिला। इन सबके खिलाफ न्यायालय में वाद दायर कर दिया है।