अखिलेश यादव के साथ अन्न संकल्प लेते विर्क।
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। तिकुनिया हिंसा में मारे गए पत्रकार रमन सिंह के भाई पवन के कांग्रेस में शामिल होने के एक दिन बाद किसान नेता तजिंदर सिंह विर्क ने सोमवार को लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ मिलकर अन्न संकल्प लिया। विर्क तिकुनिया हिंसा में घायल हुए थे।
तराई किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तजिंदर सिंह विर्क ने फोन पर बताया कि वह यूपी चुनाव में भाजपा को हराने के लिए हाथ में अनाज लेकर अन्न संकल्प लिया। कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और अन्य किसान नेताओं ने हाथ में अन्न लेकर संकल्प लिया है कि वह भाजपा को हर हाल में हराएंगे। क्योंकि, भाजपा सरकार में किसानों के साथ सबसे ज्यादा अत्याचार हुआ है। उन्होंने तिकुनिया हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों के साथ अत्याचार हुआ और वह भी घायल हुए। यह अब तक का सबसे बुरा दौर है। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव ने किसानों का साथ देने की बात कही है।
तजिंदर सिंह उत्तराखंड के रुद्रपुर के रहने वाले हैं, लेकिन तीन अक्तूबर को तिकुनिया में प्रदर्शन करने वाले किसानों में वह शामिल थे। जो कि हिंसा के दौरान हुए हमले में गंभीर घायल हुए थे और घटना के चश्मदीद हैं। संवाद