बेलरायां चीनी मिल के मुख्य लेखाकार ने दर्ज कराई चेन्नई की कंपनी पर रिपोर्ट
तिकुनियां। सरजू सहकारी चीनी मिल के मुख्य लेखाकार रवि चौधरी ने चेन्नई की एक निर्यात कंपनी के निदेशक समेत छह अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी व निर्यात नीति का उल्लंघन करने के मामले में मुकदमा दर्ज करवाया है। आरोप है कि निर्यात कंपनी ने मिल को 1.32 करोड़ की चपत लगाई है।
मिल के मुख्य लेखाकार रवि चौधरी ने पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा कि चेन्नई की वेंकटेश्वर ग्लोबल ट्रेडिंग कंपनी, इसके निदेशक मोरिमी सेट्टी पांडु, श्रीकुमर जयाराम, एक्सपोर्ट डायरेक्टर बालाजी वासुदेवन, हर्ष कुमार व अशोक कुमार रेड्डी ने निर्यात नीति का उल्लंघन किया है। कंपनी निर्यात फर्म के तौर पर भारत सरकार में पंजीकृत है, लेकिन कंपनी द्वारा कई बार जरूरी दस्तावेज मांगे जाने पर भी उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे मिल द्वारा भारत सरकार के सामने अनुदानित धनराशि का क्लेम प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस तरह मिल को 1.32 करोड़ से ज्यादा की वित्तीय क्षति हुई है।
चीनी संघ ने 29 जुलाई 2020 को निर्यातक फर्म को आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे और विधिक नोटिस भेजा गया था, जो वापस आ गया। इससे प्रतीत होता है कि फर्म संबंधित स्थान पर नहीं है। आरोप है कि मिल से सस्ती दर पर 2425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 46,387 क्विंटल चीनी लेकर निर्यातक कंपनी ने निर्यात न कर बाजार में बेच दी और उसका भुगतान भी नहीं किया। यह प्रक्रिया बीते 2 साल से चल रही थी, इसके बाद जिलाधिकारी को अवगत कराते हुए उनके निर्देश पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। कोतवाली पुलिस ने बताया कि विवेचना बेलरायां चौकी इंचार्ज बलराम सिंह को सौंपी गई है।