छत्रपति शाहूजी महाराज कानपुर विश्वविद्यालय की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। शहर के दो प्रमुख डिग्री कॉलेजों युवराजदत्त महाविद्यालय और भगवानदीन आर्यकन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के परीक्षा केंद्रों पर समाजशास्त्र का कोई परीक्षार्थी न होने के कारण यहां परीक्षाएं चार मार्च से शुरू होंगी।
देवकली स्थित आदर्श जनता महाविद्यालय में तीन पालियों में बीए समाजशास्त्र के कुल 1454 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। पहली पाली में बीए प्रथम वर्ष के 623, दूसरी पाली में बीए तृतीय वर्ष के 385 और तीसरी पाली में बीए द्वितीय वर्ष के 446 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। प्राचार्य डॉ. हरवंश शर्मा ने बताया कि तीनों पालियों में कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।
पलियाकलां। राजकीय महाविद्यालय में स्नातक परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं। पहले दिन अव्यवस्थाओं का माहौल रहा। कई परीक्षार्थियों को जहां बरामदे में बैठकर परीक्षा देनी पड़ी तो कई कक्षों में प्रकाश की व्यवस्था ही नहीं थी। बीए प्रथम वर्ष की पहली पाली में करीब 38, द्वितीय में 7 और तृतीय में करीब 10 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
सोमवार को प्रथम पाली में बीए प्रथम वर्ष की समाजशास्त्र प्रथम प्रशभनपत्र परीक्षा हुई। जिसमें 1119 में से 38 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में बीए तृतीय वर्ष की समाजशास्त्र प्रथम प्रशभनपत्र परीक्षा हुई इसमें 805 में से 7 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे जबकि तृतीय पाली में हुई बीए द्वितीय वर्ष की समाजशास्त्र प्रथम प्रशभनपत्र परीक्षा में 10 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा संपन्न कराने के लिए बाहरी शिक्षक भी लगाए गए हैं और गेट पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी की गई है। पहले दिन कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया है। प्रभारी प्रचार्य डॉ. आरआर राजपूत ने कहा कि परीक्षाएं नकलविहीन कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भगवानदीन आर्यकन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए मनोविज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षाएं हुईं। इसमें करीब 154 छात्राओं ने परीक्षा दी। प्रयोगात्मक परीक्षाएं मंगलवार को भी जारी रहेंगी।
निघासन। कस्बे के डॉ. भीमराव अंबेडकर तराई किसान महाविद्यालय में सोमवार को पहले दिन हुए समाजशास्त्र की परीक्षा में 21 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। ओएमआर शीट पर ली गई परीक्षा में पहली पाली में बीए प्रथम वर्ष की समाजशास्त्र के प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा में 533 में से सात विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में बीए तृतीय वर्ष के 334 में से एक छात्र अनुपस्थित रहा जबकि तीसरी पाली में बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा में 431 में से 11 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे। केंद्राध्यक्ष और प्राचार्य डॉ. निरुपमा दीक्षित ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई।