लखीमपुर। तमाम तैयारियों के बीच कई जगह ईवीएम में खराबी ने मतदान में व्यवधान उत्पन्न किया। इससे मतदान शुरू होने में विलंब हुआ, हालांकि जल्दी ही कर्मचारियों ने मशीनों को ठीक कर लिया।
संसारपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय के बूथ नंबर 288 पर दोपहर तीन बजे ईवीएम खराब हो गई। लगभग 45 मिनट मतदान बाधित रहा। दूसरी ईवीएम लगाई गई, तब मतदान शुरू हो पाया। संसारपुर निवासी कलावती देवी, अर्चना जायसवाल, प्रदीप कुमार आदि ने बताया कि ईवीएम खराब होने पर वे लोग घर लौट आए। मतदान शुरू होने की सूचना पर दोबारा मतदान केंद्र जाकर मतदान किया।
संपूर्णानगर क्षेत्र के बम नगर के सेमरी के बूथ संख्या 65 पर सुबह ईवीएम 30 मिनट विलंब से शुरू हो पाई। इससे यहां मतदान करीब 7.30 बजे शुरू हो पाया। अमीर नगर क्षेत्र के मोहम्मदपुर में बूथ संख्या 390 पर भी ईवीएम खराब होने के चलते करीब एक घंटा विलंब से मतदान शुरू हो पाया।
टॉर्च की रोशनी में मतदान कराया
भीरा। प्राथमिक विद्यालय भीरा प्रथम में मतदान के दौरान ईवीएम में खराबी आ गई। दूसरी ईवीएम मंगाकर मतदान शुरू कराया गया। ऐसे में करीब 30 मिनट तक मतदान बाधित रहा। वहीं, बारिश और तेज हवा के चलते जिला पंचायत इंटर कॉलेज, ब्लॉक बिजुआ गढ़ैया व जगदेवपुर के आदि बूथों पर बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। ऐसे में मतदान अधिकारियों को कुछ देर के लिए टॉर्च की रोशनी में मतदान करना पड़ा। हालांकि बाद में जनरेटर की व्यवस्था कराई गई। संवाद
महेवागंज में आधा घंटा बाधित रहा मतदान
महेवागंज। क्षेत्र के बुढ़ानापुर मतदान के बूथ संख्या 210 में सुबह साढ़े 10 बजे ईवीएम में तकनीकी खराबी आ गई। कर्मचारियों ने मशीन को सही करने का प्रयास किया, लेकिन वह ठीक नहीं हो सकी। ईवीएम खराब होने की वजह से करीब 30 मिनट मतदान बाधित रहा। आनन-फानन दूसरी ईवीएम मंगाई गई और मतदान शुरू कराया गया। संवाद