लखीमपुर खीरी। जिले में जर्जर और नीचे लटकीं बिजली लाइनें लोगों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। पिछले 58 दिनों में करंट की चपेट में आकर चार लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन शहर से लेकर गांव तक कई स्थानों पर झूलते तार, तिरछे खंभे और नीचे लटक रहीं लाइनें अब भी हादसों का खतरा पैदा कर रही हैं।
बिजली निगम ने रिवैंप योजना के तहत लखीमपुर सर्किल में 88.50 करोड़ और गोला सर्किल में 51.50 करोड़ रुपये की लागत से जर्जर तार और खंभे बदलने का काम कराया। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में जर्जर और नीचे लटकी लाइनें बनी हुई हैं। विभाग का कहना है कि रिवैंप योजना में 11 केवी लाइनें शामिल नहीं थीं। इन्हें दूसरे चरण में शामिल किया जाएगा।
संवाद न्यूज एजेंसी की पड़ताल में जिले के कई इलाकों में बिजली लाइनें खतरा बनी मिलीं। केशवापुर के भल्लिया बुजुर्ग क्षेत्र में बिजली के तार पेड़ों की डालियों से सटे हैं। यहां सप्ताह में दो दिन बाजार भी लगता है।
उचौलिया क्षेत्र में कई स्थानों पर 11 केवी हाईटेंशन लाइन के तार जर्जर और नीचे लटके मिले। पनाहपुर मार्ग पर रेलवे स्टेशन जाने वाली 11 केवी लाइन दो खंभों के बीच अधिक दूरी होने से काफी नीचे है। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले ऊंचे वाहन, कंटेनर और ट्रक अक्सर तारों से छू जाते हैं।
वनकागांव मार्ग पर नहर विभाग के भट्ठे के पास भी 11 केवी लाइन के ढीले तार खतरा बने हुए हैं। गांव मोहदियापुर में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे जेबीगंज उपकेंद्र के उचौलिया फीडर की 11 केवी लाइन काफी नीचे है। मोहनपुर ग्रंट बंगाली कॉलोनी में शुक्रवार को एलटी लाइन का खंभा टूट गया।
पसगवां के जंगबहादुरगंज में पिहानी बस अड्डा मार्ग पर हाईटेंशन लाइन कई जगह नीचे लटकी है। मोहम्मदी के झिंगुरी पुरवा में भी 11 केवी लाइन ढीली होने से खतरा बना हुआ है।
छतों के ऊपर से गुजर रहीं हाईटेंशन लाइनें
गोला गोकर्णनाथ के अर्जुननगर कॉलोनी, गुप्ता कॉलोनी, पुनर्भूग्रंट और मथुरा नगर समेत कई मोहल्लों में हाईटेंशन लाइनें मकानों की छतों के ऊपर से गुजर रही हैं। हफीजपुर, भारत भूषण कॉलोनी, मुन्नूगंज वार्ड 20 और 21 तथा सर्वोदय नगर में कई खंभों पर तारों के गुच्छे बने हुए हैं।
-
क्षतिग्रस्त खंभे से हो रही बिजली आपूर्ति
संसारपुर कस्बे के प्रमुख चौराहे पर क्षतिग्रस्त पोल के सहारे बिजली आपूर्ति हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज हवा या बारिश में खंभे गिरने का खतरा बना रहता है। व्यापारी अशोक गुप्ता, ओपी वर्मा, राहुल वर्मा, संजय गुप्ता, राहुल मौर्य और संतोष राजपूत ने समस्या के समाधान की मांग की।
-
करीब दो हजार किलोमीटर 11 केवी लाइन है, जिसे एक साथ दुरुस्त करना संभव नहीं है। कम ऊंचाई वाले तारों का सर्वे कराया जा रहा है। अलीगंज, भीरा समेत करीब 300 किलोमीटर क्षेत्र में ऐसे स्थान चिह्नित किए जा चुके हैं। सर्वे का काम जारी है।
-मनीष कुमार झा, अधीक्षण अभियंता, गोला सर्किल
मोहल्ला हिदायत नगर में कुछ इस तरह काफी नीचे तक लटक रहे बिजली के तार। संवाद
मोहल्ला हिदायत नगर में कुछ इस तरह काफी नीचे तक लटक रहे बिजली के तार। संवाद
मोहल्ला हिदायत नगर में कुछ इस तरह काफी नीचे तक लटक रहे बिजली के तार। संवाद
मोहल्ला हिदायत नगर में कुछ इस तरह काफी नीचे तक लटक रहे बिजली के तार। संवाद