लखीमपुर खीरी। बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन बुधवार से तीन केंद्रों पर शुरू होगा। इसके लिए गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है।
डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मूल्यांकन कार्य 1 अप्रैल तक चलेगा। केंद्रों पर मंगलवार से शिक्षकों ने ज्वाइनिंग शुरू कर दी थी। तीनों केंद्रों पर कुल 1595 शिक्षक और 171 डीएचई की तैनाती की गई है।
हाईस्कूल की कॉपियों का मूल्यांकन गांधी विद्यालय और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में, जबकि इंटरमीडिएट का मूल्यांकन राजकीय इंटर कॉलेज में होगा। शिक्षकों को लक्ष्य के अनुसार ही कॉपियां जांचनी होंगी। हाईस्कूल में प्रतिदिन 50 और इंटरमीडिएट में 45 कॉपियां जांचने का निर्देश है। इसके लिए क्रमश: 14 और 15 रुपये प्रति कॉपी भुगतान किया जाएगा।