तिकुनिया जसनगर गांव के ग्रामीणाें से बातचीत करते एसडीएम राजीव निगम। संवाद
तिकुनिया। मुहाना नदी खेतों का जबरदस्त कटान कर रही है। कटान के चलते ग्रामीणों में दहशत है। जसनगर के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया है कि उनकी जमीन का कटान रोका जाए। ग्रामीणों की सूचना पर एसडीएम राजीव निगम ने जसनगर पहुंचकर मुहाना नदी का कटान देखा।
ग्राम जसनगर निवासी रामनिवास ने बताया उनकी डेढ़ एकड़, शिवपाल महतिया की तीन बीघा, दीपक दुबे कि तीन बीघा, पारसनाथ की एक एकड़ जमीन मुहाना नदी में कट गई है। इसके अलावा तुलाराम, नंदा, मुन्ना, अवध बिहारी ,कल्लू ,बालक, पूर्व प्रधान कामता प्रसाद की उपजाऊ भूमि नदी में कटती जा रही है।
किसानों ने बताया नदी गन्ना सेंटर के पीछे तेजी से कटान करते हुए मैलानी नानपारा रेलवे ट्रैक की ओर बढ़ रही है। अगर कटान की यही गति रही तो जल्दी ही गन्ना सेंटर तथा मैलानी नानपारा रेलवे ट्रैक नदी की चपेट में आ जाएगा। इस संबंध में एसडीएम राजीव निगम ने बताया, किसानों की जमीन कट रही है, बाढ़ खंड को लिखा जा रहा है। जल्दी कोई समाधान निकाला जाएगा।