गोला में शिव मंदिर कॉरिडोर पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी करते अधिकारी। संवाद
गोला गोकर्णनाथ। शिव मंदिर कॉरिडोर के शिलान्यास में आ रहे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था में जुट गए हैं। कार्यक्रम में जनसामान्य का प्रवेश वर्जित रहेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर तैयारी युद्ध स्तर पर चल रही हैं। एक-एक घंटे की अपडेट प्रशासन के अधिकारियों से मांगी जा रही है। एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता तरुणेंद्र त्रिपाठी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारी के साथ सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।
इधर विधायक अमन गिरि शिव मंदिर कॉरिडोर को जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू सहित संभ्रांत जनों के साथ बैठक कर कार्यक्रम सफल बनाने के लिए आह्वान कर रहे हैं।
बताया गया कि सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के दौरान कॉरिडोर परिसर में जन सामान्य का प्रवेश वर्जित रहेगा। कॉरिडोर के मुख्य मार्ग को छोड़कर अन्य सभी मार्ग बंद रहेंगे। संवाद