लखीमपुर खीरी। नो-एंट्री में मालवाहक वाहनों और ट्रैक्टर-ट्रालियों की धड़ल्ले से एंट्री हो रही है। एलआरपी चौराहा, छाउछ और पटेलनगर होकर ये वाहन नहर पटरी के रास्ते शहर में प्रवेश कर रहे हैं। जबकि यातायात पुलिस ने जाम की समस्या कम करने को सुबह सात से रात नौ बजे तक छोटे मालवाहक वाहन, ट्रैक्टर-ट्रॉली और सीमेंट ढोने वाले घोड़ागाड़ी के शहर में प्रवेश पर रोक लगा रखी है।
राजापुर क्रॉसिंग बंद होने से शहर के सभी प्रमुख चौराहे जाम से जूझ रहे हैं। 12 दिन बीतने के बाद भी यातायात पुलिस जाम की समस्या का समाधान नहीं कर सकी है। एलआरपी रोड, ओवरब्रिज ढलान, डान बास्को स्कूल नहर पटरी, रेलवे स्टेशन के सामने आदि स्थानों पर जाम लग रहा है। लड़खड़ाती यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए यातायात पुलिस ने शनिवार से सुबह सात से रात नौ बजे तक मालवाहक वाहन, ट्रैक्टर-ट्राली व सामान ढोने वाली घोड़ागाड़ी के शहर में प्रवेश पर रोक लगा दी थी।
नो-एंट्री प्वाइंट भी चिह्नित कर दिए। इसके बावजूद मालवाहक वाहनों और सामन लदे टैक्टर-ट्रालियों की शहर में धड़ल्ले से आवाजाही हो रही है। वाहन चालक नहर पटरी के रास्ते पर वाहन दौड़ते नजर आ रहे हैं। सोमवार की दोपहर एक बजे पिकअप, लोडर और सामान लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर पटरी होकर शहर के अंदर प्रवेश करता दिखा। यह वाहन छाउछ और एलआरपी से आए थे।
पटेलनगर रोड से शहर में पहुंच रहे मालवाहक वाहन
यातायात पुलिस ने राजापुर चौराहा, एलआरपी चौराहा, सैधरी मोड़ और पंडित दीन दयाल चौराहा को नो-एंट्री प्वाइंट बनाया है। मालवाहक और ट्रैक्टर ट्रालियों को इन स्थानों से अंदर न जाने का निर्देश दिया गया है। रोक के बावजूद वाहनों की आवाजाही हो रही है। एलआरपी से प्रवेश न पाने वाले वाहन थोड़ा आगे जाकर पटेलनगर रोड से नहर पटरी पर पहुंच रहे हैं। वहीं, आवास विकास होकर भी इन वाहनों की आवाजाही हो रही है। पटेलनगर से नहर पटरी पहुंचने वाले यह वाहन आवास विकास के रास्ते से शहर में अंदर प्रवेश कर रहे हैं। यातायात एसआई मनीष पाठक ने बताया कि नो-इंट्री के समय में शहर में आने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
नहर पटरी पर निकलते मालवाहक वाहन स्रोत:संवाद
नहर पटरी पर निकलते मालवाहक वाहन स्रोत:संवाद