अतिक्रमण ने शहर की सूरत बिगाड़ कर रख दी है। शहर की प्रमुख सड़कें अतिक्रमण के चलते लगातार सिकुड़ती जा रही हैं। यही नहीं मोहल्लों की संकरी गलियां तक अतिक्रमण से अछूती नहीं हैं। सड़कों पर अतिक्रमण के कारण पूरा शहर जाम में फंस कर रह गया है। मेन रोड, अस्पताल रोड और संकटा देवी रोड का तो ये आलम है कि यहां रिक्शों तक का निकलना मुश्किल है। शहर के तमाम ऐसे नाले हैं जिन पर दुकानें और मकान बन गए हैं। इसके चलते इन नालों की सफाई दशकों से नहीं हो पाई है। अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चले लेकिन शहर की सूरत नहीं बदल सकी। नगर पालिका भी महज कुछ सीढ़ियां और साइन बोर्ड तोड़कर आने कर्तव्य पूरा कर लेती है। अगले ही सप्ताह शहर में फिर वही स्थिति दिखाई पड़ती है।
शहर के मेन रोड पर लोगों ने फुटपाथ तक अपनी दुकानें बढ़ा कर बना ली हैं। दुकानों के बाहर सीढ़ियां और शेड डाल कर पूरे फुटपाथ को खत्म कर दिया है। रही सही कसर फुटपाथ पर लगने वाले फल, सब्जी, चाय, पान के खोखों ने पूरी कर दी है। अतिक्रमण के कारण मेन रोड, अस्पताल रोड, संकटादेवी रोड, मेला रोड, मेला मैदान से इमली चौराहा रोड सिकुड़ कर आधी रह गई हैं। इन पर दो छोटी गाड़ियों का एक साथ निकलना मुश्किल है। एक एक गाड़ी भी इस सड़क पर निकलती है तो जाम लग जाती है।
नालों पर भी है अतिक्रमण
शहर के नालों पर दशकों पुराना अतिक्रमण है। फल मंडी में बने बड़े नाले पर दुकानें चल रहीं हैं। मेला रोड के किनारे बने नाले पर पक्का निर्माण हो गया है। नाले का कहीं पता नहीं है। इन मुख्य नालों की सफाई न हो पाने के कारण बरसात के दिनों में जबरदस्त जलभराव होता है और शहर के लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
पार्किंग न होना एक बड़ी समस्या
सड़क किनारे रहने वाले तमाम लोगों ने काफी आगे बढ़कर अपने मकान तो बना लिए लेकिन गाड़ी खड़ी करने के लिए गैराज की कोई व्यवस्था नहीं की। इसके चलते लोग अपने घरों के सामने सड़क पर अपने वाहन खड़े कर देते हैं। इससे सड़क पर जगह कम रह जाती है। शहर में पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण बाजार या बैंकों में काम से आने वाले लोग अपने वाहन फुटपाथ पर खड़े कर देते हैं जिससे दिन में कई बार जाम लगती है।
कई सड़कों से तो गायब हो गया फुटपाथ
अतिक्रमण का तो यह आलम है कि शहर की कई सड़कों से फुटपाथ पूरी तरह गायब हो चुका है। संकटा देवी रोड बेहद संकरी है। बावजूद लोग अपनी दुकानों का सामान फुटपाथ तक लगा देते हैं। इससे इस रोड से फुटपाथ पूरी तरह गायब हो गया है। कुछ यही हाल मेला मैदान से इमली चौराहा तक जाने वाली सड़क का भी है।
नगर पालिका समय समय पर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाता है। शहर में अतिक्रमण न हो इसके लिए नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। नगर पालिका जल्दी ही एक बार फिर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाएगा लेकिन इसमें शहर के नागरिकों का सहयोग जरूरी है।
-डॉ. इरा श्रीवास्तव, अध्यक्ष नगर पालिका, लखीमपुर खीरी।