शिव मंदिर कॉरिडोर के मुख्य गेट के रास्ते का हो रहा निर्माण। संवाद
गोला गोकर्णनाथ। शिव मंदिर कॉरिडोर के पांच महीने के कार्य की समीक्षा के बाद कार्य में तेजी दिखाई दी है।
बृहस्पतिवार को विधायक अमन गिरि के साथ सीडीओ अभिषेक कुमार और यूपीपीसीएल के जीएम राजेश वर्मा ने निरीक्षण के दौरान कार्य की स्थिति को देखते हुए आर्किटेक्ट और जेई की जमकर क्लास लगाई। निरीक्षण के अगले दिन कार्य में तेजी दिखाई दी। निरीक्षण के दौरान विधायक और सीडीओ ने सावन में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए गोकर्ण तीर्थ का निर्माण पूर्ण कराने पर जोर दिया गया था।
निरीक्षण के बाद अगले दिन शुक्रवार को स्टेशन मार्ग से कॉरिडोर के मुख्य द्वार के रास्ते में रिटेनिंग वाल के छूटे हिस्से का निर्माण और कॉरिडोर परिसर में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नाले का निर्माण शुरू हो गया है। जेई विवेक बाजपेई ने बताया कि सावन से पूर्व अधिकारियों के निर्देश के अनुसार कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। डिजाइन आते ही मुख्य द्वार का भी निर्माण शुरू हो जाएगा।