मझगईं। रमुआपुर बीट से सटे गांवों में बृहस्पतिवार रात दुधवा जंगल से निकले हाथियों के बड़े झुंड ने खेतों में पहुंचकर उत्पात मचाया। हाथियों ने बौधिया कलां और रमुआपुर के किसानों की कई एकड़ गन्ने की फसल नष्ट कर दी।
रात करीब नौ बजे दुधवा जंगल की ओर से निकला हाथियों का झुंड रमुआपुर बीट से होते हुए बौधिया कलां और रमुआपुर के खेतों तक पहुंच गया। हाथियों के चिंघाड़ने और फसल रौंदने की आवाज सुनकर किसानों में हड़कंप मच गया। ग्रामीण लाठी-डंडे और टॉर्च लेकर खेतों की ओर पहुंचे तो हाथियों का झुंड गन्ने की फसल तहस-नहस कर रहा था।
घुरई, घासीराम, राजेश, रामगोपाल, ईश्वरी, दयाराम सहित बौधिया कलां और रमुआपुर के अन्य किसानों की काफी फसल नष्ट हो गई। रेंजर अंकित सिंह ने बताया कि किसानों को जल्द मुआवजा दिलाया जाएगा और क्षेत्र में बराबर गश्त की जा रही है।