अजगर को रेस्क्यू करते वनकर्मी।संवाद
निघासन। दुधवा नेशनल पार्क से सटी मझगईं वन रेंज में हाथियों ने बृहस्पतिवार रात कई एकड़ गन्ना समेत अन्य फसलें रौंद दीं। बौधिया कलां और कर्बला क्षेत्र के किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इससे किसानों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है।
बौधिया कलां में जगदीश प्रसाद लोधी समेत पांच किसानों की करीब साढ़े 12 बीघा गन्ने की फसल बर्बाद हो गई। कर्बला क्षेत्र में अनुपम मिश्रा समेत पांच किसानों की करीब चार एकड़ गन्ने की तैयार फसल रौंद दी गई। किसानों का कहना है कि वे रातभर खेतों की रखवाली कर रहे हैं, फिर भी हाथियों के हमले नहीं रुक रहे।
पीड़ित किसानों ने नुकसान का सर्वे कराकर शीघ्र मुआवजा देने और हाथियों को आबादी व कृषि क्षेत्र में आने से रोकने के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है। रेंजर अंकित सिंह ने बताया कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग की टीम को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा। हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए वनकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं।
-
गन्ने के खेत में निकला 10 फुट लंबा अजगर
निघासन। दक्षिण वन रेंज के लुधौरी क्षेत्र के रानीगंज के बरुही गांव में गन्ने के खेत में करीब 10 फुट लंबा अजगर निकलने से मजदूरों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया।
खेत में काम के दौरान मजदूरों की नजर अजगर पर पड़ी। सूचना पर वन दरोगा पीयूष कुमार, वनकर्मी अक्षय मौर्य और मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक अजगर को पकड़कर लुधौरी ब्लॉक-2 के जंगल में छोड़ दिया। दक्षिण निघासन वन रेंज के रेंजर मोहम्मद मोबीन आरिफ ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम भेजी गई थी। सुरक्षित रेस्क्यू के बाद अजगर को जंगल में छोड़ दिया गया। संवाद
अजगर को रेस्क्यू करते वनकर्मी।संवाद