- खेल में गिरे बच्चे की चोट को नजरअंदाज करने का आरोप
- बाद में हुआ समझौता, इलाज कराएंगे शिक्षक
ब्लाक क्षेत्र के फुलवरिया प्राथमिक विद्यालय में खेल के दौरान कक्षा तीन के एक छात्र को चोट लग गई थी और आरोप है कि शिक्षकों ने जानते हुए भी न तो इलाज कराया नहीं घरवालों को यह बताया। इससे नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने स्कूल में ही प्रदर्शन और नारेबाजी की। जानकारी एबीआरसी और एनपीआरसी मौके पर पहुंच गए और नाराज ग्रामीणों से वार्ता की। इसके बाद बच्चे का इलाज कराए जाने का लिखित समझौता हुआ। जिस पर ग्रामीण मान गए।
यहां के निवासी धमेंद्र का पुत्र अभय प्रताप प्राथमिक विद्यालय फुलवरिया में कक्षा तीन का छात्र है। आरोप है कि वह 22 अगस्त को स्कूल में बच्चों के साथ खेल रहा था और इस दौरान वह गिर पड़ा। जिसमें उसे चोटें आईं लेकिन स्कूल प्रबंधन ने न तो इलाज कराया और न ही घरवालों को इस बात से वाकिफ कराया। घर आकर बच्चे ने बात बताई तो जानकारी हुई। इससे नाराज ग्रामीणों ने समाजसेविका सविता तिवारी के नेतृत्व में स्कूल पहुंच कर प्रदर्शन और नारेबाजी की। खबर मिली तो एबीआरसी और एनपीआरसी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता की, जिसमें दोनों पक्षों में समझौता हेे गया। बताया गया है कि समझौते के तहत बच्चे के इलाज का सभी खर्च शिक्षक करेंगे।