लखीमपुर खीरी। बुधवार की रात को तेज हवा और मूसलाधार बारिश से जिले की बिजली व्यवस्था भी लडख़ड़ा र्गई। तेज हवा से छाउछ में 33 केवीए लाइन पर पेड़ गिर गया, जिससे कई खंभे टूट गए। कई जगहों पर बिजली लाइनों में फॉल्ट आ गए, जिससे रात करीब 11 बजे पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। इसके बाद पूरी रात बत्ती गुल रही। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवा के कारण बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। तो कहीं लाइन में फॉल्ट आने से सप्लाई बाधित हुई। गुरुवार की सुबह करीब नौ बजे शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली बहाल हो पाई।
तेज हवा से किसानों के अलावा बिजली विभाग को भी नुकसान झेलना पड़ता है। बुधवार की रात तेज हवा के झोंके से छाउछ में एक पेड़ टूटकर 33 केवीए लाइन पर गिर गया, जिससे कई खंभे टूट गए। इससे पूरे शहर समेत इससे जुड़े ग्रामीण क्षेत्र के उपकेंद्रों की भी सप्लाई बाधित हो गई। रात में भारी बारिश के चलते लाइन सही नहीं हो पाई, बल्कि सुबह से काम शुरू किया गया। इसके बाद नौ बजे बिजली सप्लाई बहाल हो पाई। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी रात भर ब्लैक आउट के बाद गुरुवार को सुबह सप्लाई बहाल हो सकी। अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि 33 केवीए लाइन पर पेड़ गिरने से खंभे टूट गए थे, जिसे ठीक कराकर सप्लाई बहाल कराई गई।
बारिश में मेन लाइन में आई खराबी से दूसरे दिन भी सप्लाई ठप
उचौलिया। बुधवार शाम को तेज हवा के साथ बारिश में शाहजहांपुर से आई 33 केवीए मेन लाइन में खराबी आ गई, जिससे जंगबहादुरगंज बिजली उपकेंद्र से जुड़े उचौलिया समेत क्षेत्र के सैकड़ों गांवों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। ठप बिजली सप्लाई गुरुवार शाम तक बहाल नहीं हो सकी है। बिजलीकर्मियों ने बताया कि शाहजहांपुर से आई 33 केवीए मेन लाइन में फाल्ट आने से बिजली सप्लाई बाधित हुई है। लाइनमैन गश्त कर रहे हैं। खराबी का पता लगते ही लाइन को ठीक किया जाएगा, जिसके बाद सप्लाई बहाल हो सकेगी। बिजली सप्लाई बहाल न होने से दुकानदारों समेत आम लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ा।