लखीमपुर खीरी। गर्मियों में बिजली की अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से निजात मिलने वाली है, क्योंकि पॉवर कार्पोरेशन ने विद्युत प्रेषण खंड लखीमपुर के 132 केवीए उपकेंद्र गोला की क्षमता 60 से बढ़ाकर 103 एमवीए कर दी है। अब तक 40 एमवीए और 20 एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मरों से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के उपकेंद्रों को बिजली की सप्लाई होती थी, जिससे गर्मियों में उपभोक्ताओं को अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ता था। क्षमतावृद्धि होने से गोला क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली कटौती की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मियों के दौरान बिजली संकट होना आम बात हो चुकी थी, जिसमें अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज से जीना मुहाल हो जाता था। इसके पीछे कारणों में अत्यधिक लोड का बढ़ना वजह बनता था, क्योंकि दिनों-दिन बढ़ती गर्मी और घरों में लग रहे एयर कंडीशन से ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर फुंक जाते थे। इसके साथ ही बिजली की अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से रोज ही दो-चार होना पड़ता था। गर्मियों में गोला क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ता था। पॉवर कार्पोरेशन ने बिजली कटौती की समस्या से छुटकारा दिलाने और गुणवत्तापरक बिजली आपूर्ति करने के लिए उपकेंद्र के ट्रांसफार्मरों की क्षमता में वृद्धि करने का निर्णय लिया। 20 एमवीए ट्रांसफार्मर को हटाकर उसके स्थान पर 63 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। यह काम 24 फरवरी से शुरू किया गया है, जो जल्द ही पूरा हो जाएगा।
छाउछ बिजलीघर की क्षमता बढ़ाने के लिए नहीं मिला ट्रांसफार्मर
लखीमपुर शहर और इसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बिजली आपूर्ति करने के लिए छाउछ बिजलीघर की भी क्षमतावृृद्धि का प्रस्ताव हैै। यहां पर अभी 103 एमवीए क्षमता है, जिसे बढ़ाकर 123 एमवीए किया जाना है। इसके लिए 63 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर पॉवर कार्पोरेशन से मांगा गया है, जिसे 40 एमवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर लगाया जाएगा।
गोला क्षेत्र के उपभोक्ताओं को गर्मियों में बिजली संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि उपकेंद्र की क्षमता में पर्याप्त वृद्धि की गई है। लखीमपुर शहरवासियों को लो-वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने के लिए छाउछ बिजलीघर की क्षमता बढ़ाई जाएगी, जिसके लिए 63 एमवीए ट्रांसफार्मर की डिमांड की गई है। - रामानंद, अधिशाषी अभियंता, विद्युत प्रेषण खंड