लखीमपुर खीरी। बेलरायां-पनवारी स्टेट हाईवे को सात से दस मीटर चौड़ा करने के प्रोजेक्ट में बिजली निगम अड़ंगा बना हुआ है। एलआरपी से इंद्रा वन तक सड़क चौड़ी होनी है, लेकिन बिजली के खंभों की वजह से काम शुरू नहीं हो पा रहा है। दस किलोमीटर लंबी सड़क पर लगे एक हजार खंभे हटाने के लिए पीडब्ल्यूडी दो करोड़ रुपये दे चुका है, फिर भी खंभे नहीं हटाए जा रहे।
शहर में एलआरपी चौराहे से लेकर महेवागंज में इंदिरा वन पार्क तक बेलरायां-पनवारी संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण होना है। अभी यह सड़क सात मीटर चौड़ी है, जिसे 10 मीटर चौड़ा किया जाना है। 12 जनवरी को लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने इसका शिलान्यास किया था। कुल 38 करोड़ रुपये का बजट भी जारी किया गया है। एक तरफ जहां रोड पर पड़ने वाले अतिक्रमण को हटाने के लिए नोटिस जारी करने के बाद एक सप्ताह की मोहलत और दी गई है, वहीं 10 किमी लंबी सड़क में करीब 1000 बिजली के खंभे हटाने में बिजली निगम कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है।
लोक निर्माण विभाग की जमीन पर लगे बिजली के खंभे हटाने के लिए निर्माण खंड सीडी वन की तरफ से दो करोड़ रुपये का बजट भी बिजली निगम को दिया गया है। इसके बाद भी खंभे नहीं हटाए जा रहे। इसलिए सड़क की चौड़ीकरण का काम अटका है। उधर, बिजली निगम के एक्सईएन शैलेंद्र कुमार का कहना है कि इस बारे में वह कोई जानकारी नहीं दे सकते हैं।