स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए पुलिस कर्मियों की ब्रीफिंग करते एसपी विजय ढुल। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। स्नातक और शिक्षक चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एसपी विजय ढुल ने सोमवार को पुलिस लाइन में पुलिस जवानों के साथ बैठक की और उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि जब तक पीठासीन अधिकारी न बुलाएं तब तक पुलिसकर्मी कक्ष के अंदर नहीं जाएं।
एसपी विजय ढुल ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराना पुलिस की जिम्मेदारी है। ड्यूटी में लगे सभी पुलिसकर्मी मतपेटिका जमा होने के बाद ही वापस आएंगे। ड्यूटी के दौरान यदि कोई नशे की हालत में मिलता है या फिर किसी से कोई दुर्व्यवहार करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी साफ-सुथरी वर्दी में ड्यूटी करेंगे और संबंधित थाना क्षेत्र के इंस्पेक्टर व थानाध्यक्ष से संपर्क में रहेंगे। किसी को कोई दिक्कत आती है ता वह तत्काल सीओ या संबंधित प्रभारी निरीक्षक को जानकारी देगा। भोजन व्यवस्था पुलिस की ओर से मतदान केंद्र पर ही कराई जाएगी। प्रत्याशी, प्रत्याशी के समर्थक, पोलिंग एजेंट, ग्राम प्रधान आदि से कोई खान-पान की सामग्री कतई नहीं लेगा। शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी। इस दौरान सीओ सिटी एसएन तिवारी और सीओ धौरहरा अरविंद कुमार वर्मा भी मौजूद रहे।
एसडीएम ने मतदान केंद्र का लिया जायजा
बांकेगंज। लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मंगलवार को होने वाले मतदान को लेकर एसडीएम गोला अखिलेश यादव ने बांकेगंज ब्लॉक परिसर में बनाए गए मतदान केंद्र का सोमवार शाम निरीक्षण किया। अधिकारियों और कर्मचारियों से बनाए गए बूथों और कोरोना संक्रमण से बचाव के बावत जानकारी ली।
बांकेगंज ब्लॉक क्षेत्र में 1235 स्नातक और 183 शिक्षक मतदाता हैं। ब्लॉक परिसर में बनाए गए तीन बूथों पर मतदाता अपने वोट डालेंगे। बीडीओ एके सिंह ने बताया कि ब्लॉक परिसर में बनाए गए तीन बूथों पर प्रात: आठ बजे से सायं पांच बजे तक मतदान होगा। इस मौके पर थाना मैलानी इंस्पेक्टर विद्या शंकर शुक्ला, बीईओ आरके सिंह समेत ब्लॉक कर्मी मौजूद रहे। संवाद