लखीमपुर खीरी। मथना गांव निवासी शिवसागर वर्मा (65) की शनिवार शाम धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वह पशुओं के लिए चारा लेने खेत गए थे। घर लौटते समय उन पर हमला किया गया। परिजनों ने किसी रंजिश से इन्कार किया है।
शिवसागर के काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ तलाश की। खेतों की ओर जाने पर वह लहूलुहान हालत में मृत मिले। पास में उनकी साइकिल और चारे की गठरी पड़ी थी। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। एक बेटी तलाक के मामले के चलते मायके में रह रही है।
हत्या की खबर से गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने हत्यारों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे की मांग करते हुए शव उठाने का विरोध किया। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक नोकझोंक होती रही। बाद में पुलिस ने विरोध के बीच शव कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, सीओ सिटी महक शर्मा और कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और जांच के लिए कई टीमें लगाईं। सदर विधायक योगेश वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली।
मैंने मौका मुआयना किया है। पीड़ित परिजनों से भी बात हुई है। अभी उन्होंने किसी रंजिश की बात नहीं बताई है और न ही किसी पर शक जताया है। पुलिस की जांच दो-तीन बिंदुओं पर चल रही है। मृतक के शरीर पर चोटें मिली हैं। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट से मौत का कारण और चोटों का प्रकार स्पष्ट होने पर कुछ बातें और साफ होंगी।
-डॉ. ख्याति गर्ग, एसपी
घटना स्थल का मौका मुआयना करती एसपी डॉ. ख्याति गर्ग। स्रोत ग्रामीण
घटना स्थल का मौका मुआयना करती एसपी डॉ. ख्याति गर्ग। स्रोत ग्रामीण
घटना स्थल का मौका मुआयना करती एसपी डॉ. ख्याति गर्ग। स्रोत ग्रामीण