निघासन। कोतवाली क्षेत्र के जोखीपुरवा गांव में खाना खाते ही एक बुजुर्ग की हालत बिगड़ गई, जिसे इलाज के लिये ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। जबकि, थाली में बचा खाना खाने से दो बकरियां भी मर गईं।
जोखीपुरवा गांव निवासी 60 वर्षीय तेजा मंगलवार सुबह खेत पर जाने से पहले घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसका लड़का तोताराम उसे इलाज के लिए गांव के एक झोलाछाप डॉक्टर के पास ले गया। उसने इलाज करने से मना करते हुए सरकारी अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इस पर वह अपने पिता को निघासन सीएचसी लेकर आया, यहां हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उधर, तेजा की तबियत बिगड़ जाने से उसकी थाली में बची रोटियां किसी ने बकरियों को डाल दीं। रोटियां खाकर दो बकरियां भी मर गईं। कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि चौकीदार की सूचना पर बुजुर्ग और मरी बकरियों का पोस्टमार्टम कराया गया है। बिसरा सुरक्षित रखा जाएगा। परिवार का कोई सदस्य रिपोर्ट दर्ज कराता है तो कार्रवाई की जाएगी।