शिक्षकों के एक वर्ग के विरोध के बावजूद बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य शुरू हो चुका है। दो दिन में दोनों मूल्यांकन केंद्रों पर करीब 8,500 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया है। विभाग ने परीक्षकों की कमी दूर करने के प्रयास तेज किए हैं।
कई शिक्षक संगठनों के विरोध के चलते जिले में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य 30 मार्च से दो अप्रैल तक बाधित रहा। इसके बाद शर्मा गुट के शिक्षक मूल्यांकन करने के लिए तैयार हो गए। शुक्रवार को बहिष्कार कर रहे गुटों ने भी मूल्यांकन का विरोध बंद किया तब मूल्यांकन शुरू किया गया। हालांकि वित्तविहीन, चंदेल गुट और पांडे गुट के शिक्षकों के बहिष्कार में शामिल होने के कारण परीक्षकों की कमी से मूल्यांकन प्रभावित है। उधर विभागीय अधिकारियों का कहना है कि वे तय समय सीमा में मूल्यांकन पूरा हो जाएगा। राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. आरके जायसवाल ने बताया कि दो दिन में राजकीय इंटर कॉलेज में इंटर की करीब 3000 उत्तर पुस्तिकाएं और धर्मसभा इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की लगभग 5,500 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गई हैं।