परिजनों ने लगाए थे गंभीर आरोप
मामले में गिरफ्तार युवकों के परिजन ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका दावा था कि तीनों युवक मैगलगंज काम के सिलसिले में आए थे, जहां से पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई और बाद में एक निजी मकान में रखकर परिजन से करीब दो लाख रुपये एक बैंक खाते में ट्रांसफर कराए गए।
आरोप यह भी था कि रुपये नहीं देने पर युवकों के साथ मारपीट और फर्जी मामले में जेल भेजने की धमकी दी गई। परिजन ने दावा किया था कि अगले दिन उनकी कार में दोमुंहा सांप रखकर उन्हें वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के मामले में जेल भेज दिया गया।
सांपों की तस्करी के लिए सुर्खियों में रहा खीरी
दोमुंहे सांपों की तस्करी का मामला जिले में नया नहीं है। बीते पांच-छह वर्षों में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में ऐसे छह से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस और वन विभाग की कार्रवाई में कई तस्कर दोमुंहे सांपों के साथ पकड़े गए। इनमें अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा होने से लेकर सांपों को नेपाल ले जाकर बेचने की कोशिश तक के मामले शामिल हैं।
अक्तूबर 2020 में पुलिस ने निघासन क्षेत्र में दोमुंहे सांपों की तस्करी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा किया था। कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें दो प्रयागराज, एक मिर्जापुर, एक लखीमपुर के निघासन क्षेत्र और दो सोनभद्र के रहने वाले थे। आरोपियों के कब्जे से दो दोमुंहे सांप बरामद किए गए थे। इससे पहले सितंबर 2020 में मितौली क्षेत्र में भी पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो दोमुंहे सांप बरामद किए थे।
जुलाई 2021 में मैलानी क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से एक दोमुंहा सांप बरामद हुआ था। इस मामले ने भी जिले में वन्यजीवों की तस्करी के नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े किए थे
वर्ष 2024 में भी दोमुंहे सांप की तस्करी का मामला सामने आया था। वन विभाग की टीम ने बहराइच सीमा के पास दो तस्करों को एक दोमुंहे सांप के साथ पकड़ा था। पूछताछ में सामने आया था कि आरोपी सांप को नेपाल में बेचने के लिए ले जा रहे थे।
जंगल से सटे क्षेत्रों में सामने आते रहे मामले
जिले में दोमुंहे सांपों की तस्करी के मामले खास तौर पर निघासन समेत जंगल से सटे क्षेत्रों में सामने आते रहे हैं। अलग-अलग समय पर हुई कार्रवाई में दूसरे जिलों के लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। इससे यह संकेत मिलता रहा है कि इन मामलों में स्थानीय स्तर से बाहर तक जुड़े लोगों की भूमिका की जांच पुलिस और वन विभाग के लिए अहम रही है।
अपराध की श्रेणी में आता है दो मुंहा सांप पकड़ना
डीएफओ तापस मिहिर ने बताया कि दोमुंहा सांप वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत संरक्षित प्राणी है। इसे पकड़ना, पालना, रखना अथवा बेचना अपराध की श्रेणी में आता है। इसके बावजूद इसके कथित औषधीय और यौन क्षमता बढ़ाने वाले उपयोग को लेकर लोगों में भ्रम और मांग की बात सामने आती रही है। इसी वजह से इसके अवैध कारोबार की आशंका को लेकर भी सवाल उठते हैं। मैगलगंज क्षेत्र में गिरफ्तार युवकों से पूछताछ के आधार पर सांप कहां से मिला और उसे आगे किसे सौंपा जाना था, इसकी जांच की जा रही है।