लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड परीक्षा की तारीखें घोषित हो गईं हैं। इसको लेकर छात्रों में बेचैनी बढ़ गई है। कोरोना काल में चौपट हुई पढ़ाई के बावजूद छात्रों के सामने बेहतर अंक लाने की चुनौती है। ऐसे में छात्र परीक्षा की बेहतर तैयारी कर सकें ज्ञान गंगा वेबसाइट पर विशेषज्ञ शिक्षकों ने नोट्स एवं वीडियो अपलोड किए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कोरोना के चलते बोर्ड परीक्षार्थियों को 30 प्रतिशत कोर्स कम कर राहत दी है। छात्रों को अब सिर्फ 70 फीसदी कोर्स ही पढ़ना होगा। इस 70 प्रतिशत कोर्स की तैयारी भी किस तरह से करें कि परीक्षा में अच्छे अंक मिले। इसके लिए बोर्ड ने ज्ञानगंगा वेबसाइट के माध्यम से छात्रों को तैयारी करने की कवायद शुरू की है, जिसमें विषय विशेषज्ञ शिक्षकों ने नोट्स एवं वीडियो बनाकर अपलोड किए हैं, जिससे छात्र मोबाइल आदि के माध्यम से कोर्स की बेहतर तरीके से तैयारी कर अच्छे अंक हासिल कर सकते हैं
.
विद्यार्थी और अध्यापक बोले- ज्ञानगंगा से मिलेगी मदद
ज्ञानगंगा की जानकारी नहीं थी। यदि ऐसा है तो परीक्षा की तैयारी करने में आसानी होगी। वैसे शिक्षकों ने कोर्स पूरा कराकर तैयारी करवा रहे हैं। इससे और अच्छी तैयारी होगी।
-प्रियांशु मिश्रा कक्षा-12, पीडी भारती इंटर कॉलेज, मोहम्मदी
.
कोरोना के चलते पूरे साल पठन पाठन अव्यवस्थित रहा। ऐसे में बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा की तैयारी करने के लिए ज्ञान गंगा वेबसाइट महत्वपूर्ण साबित होगी।
-अनिल कुमार शिक्षक कृषक समाज इंटर कॉलेज
.
ज्ञानगंगा वेबसाइट पर नोट्स अपलोड हैं। साथ ही इस पर परीक्षा की तैयारी करने से लेकर समय प्रबंधन एवं उत्तर लिखने के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी।
-विनोद कुमार, प्रभारी प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज