लखीमपुर खीरी। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण प्रेरणा एप के माध्यम से करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला स्तरीय टास्क फोर्स में शामिल सीडीओ, सीएमओ, डीडीओ, पीडी, डीआईओएस, बीएसए, डीपीआरओ, डीपीओ, समाज कल्याण अधिकारी, डीएसओ समेत सभी एसीएमओ को विद्यालयों का निरीक्षण करने के दौरान प्रेरणा एप का प्रयोग करने के लिए कहा है।
बेसिक शिक्षा विभाग में प्रेरणा एप को लागू करने की कवायद वर्ष 2019 से चल रही है, जिसका शिक्षक कई बार विरोध भी कर चुके हैं। शासन ने प्रेरणा एप के माध्यम से बच्चों की उपस्थिति और मिड डे मील योजना का पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए थे, लेकिन पहले शिक्षकों के विरोध, फिर कोरोना संकट के चलते विद्यालयों में प्रेरणा एप के माध्यम से निरीक्षण की व्यवस्था ठंडे बस्ते में रही। अब विद्यालयों में पढ़ाई का माहौल तैयार करने के लिए डीएम ने जिला स्तरीय टास्क फोर्स में शामिल सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को शासनादेश में वर्णित माड्यूल के अनुसार निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। टास्कफोर्स सदस्यों को प्रतिमाह पांच विद्यालयों का निरीक्षण करना होगा। इसके बाद निरीक्षण आख्या को प्रेरणा एप के माध्यम से ऑनलाइन सुरक्षित करके निदेशालय के केंद्रीय सर्वर पर भेजा जाएगा। डीएम ने कहा है कि निरीक्षण में मिलने वाली कमियों का बीएसए और संबंधित बीईओ तत्काल निस्तारण कराएंगे। डीएम ने बताया कि प्रेरणा एप को एंड्रायड मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर में जाकर इंस्टाल किया जा सकता है, जिसके बाद समय-समय पर उसे अपडेट भी करते रहें। डीएम ने कहा है कि प्रतिमाह पांच विद्यालयों का निरीक्षण कर टास्क फोर्स के सदस्य उन्हें और बीएसए को सूचना देंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह होने वाली बेसिक शिक्षा विभाग की बैठक में टास्क फोर्स सदस्यों द्वारा प्रेरणा एप के माध्यम से किए गए निरीक्षण की स्थिति की समीक्षा स्वयं करेंगे। संवाद