लखीमपुर खीरी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में युवा चेतना पखवाड़े के तहत मंगलवार को गोष्ठी हुई। उद्घाटन प्रधानाचार्य प्रवीण श्रीवास्तव ने मां सरस्वती का पूजन कर किया। इसका विषय युवा जीवन की चुनौतियां, संघर्ष शीलता एवं मजबूती रहा।
इतिहास संकल समिति के विभाग प्रमुख राजेश दीक्षित ने छात्रों से कहा कि असफलताओं से कभी घबराओ नहीं, बल्कि मजबूती के साथ उनका सामना करो। मजबूत इरादे, दृढ़ संकल्प हमें कभी बिखरने नहीं देते है। इसलिए अपने मन में अपराजेय आत्मविश्वास, सुदृढ़ संकल्प शक्ति जागृत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाज के प्रति सभी को सहृदय संवेदनशील होना होगा। इसके लिए हमारा दृष्टिकोण जीवन के प्रति पूरी तरह से सकारात्मक एवं आशावादी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि रास्ते में ठोकर लगने पर इसे अन्यथा में नहीं लेना चाहिए, क्योंकि यह हमें चलने की तमीज सिखाती है। विभाग प्रमुख ने कहा कि सफल होने के लिए कभी शार्टकट न अपनाएं, क्योंकि यह सफलता में बाधक बनता है। प्रधानाचार्य ने छात्रों को सीख दी की परीक्षा का समय करीब आ रहा है। सभी लोग मन लगाकर पढ़ाई करो, जिससे सफलता अर्जित कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन हो। कॉलेज स्टाफ और छात्र मौजूद रहे।