आधा सत्र बीता, पूरी नहीं हो सकी तैयारियां
- जनपद में 17033 प्रधानमंत्री आवास बनाने का लक्ष्य
- लाभार्थियों को मिलेगी 1.20 लाख धनराशि
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2016-17 में एक भी आवास के लिए धनराशि जारी नहीं हो सकी है, जबकि जनपद में 17033 आवास बनाए जाने का लक्ष्य मिला है। इन्हें लाभार्थियों को आवंटन के लिए पात्रता सूची बनाने का काम अभी चल रहा है, जिसके बाद आवास साफ्टवेयर पर सूची अपलोड की जाएगी। वहीं पिछले वर्ष के इंदिरा आवास बनाने के लक्ष्य 21,270 में से 9588 आवास ही पूर्ण कराए जा सके हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभार्थियों का चयन सामाजिक, आर्थिक एवं जातिगत जनगणना 2011 के सर्वेक्षण के आधार पर तैयार की गई पात्रता सूची के क्रमानुसार किया जाएगा। सर्वाधिक पात्र को सबसे पहले और उसके पश्चात घटते क्रम में आवासों का आवंटन किया जाना है। विभाग की माने तो अब सर्वेक्षण सूची की जांच कराकर पात्रों को सूचीबद्ध किया जा रहा है। इसके बाद ब्लाक कार्यालयों पर ही आवास साफ्टवेयर पर लाभार्थियों का ब्यौरा अपलोड किया जाना है। इस प्रक्रिया में अभी कितना समय लगेगा, जिसके बारे में अफसर भी स्पष्ट तौर पर कुछ कहना नहीं चाहते हैं। बताते चलें कि पिछले वर्ष 2015-16 में इंदिरा आवास योजना के तहत 21270 आवास बनाने का लक्ष्य था, जिसमें 21245 को प्रथम किस्त जारी की गई। इसके सापेक्ष 19100 लाभार्थियों को दूसरी किस्त देकर पूर्ण भुगतान किया जा चुका है। इसमें से अभी 9588 आवास ही पूर्ण हो सके हैं। इस ट्रैक रिकार्ड को देखते हुए इस वर्ष लक्ष्य के अनुसार लाभार्थियों के आवास बनना संभव प्रतीत नहीं हो रहा है।
सभी बीडीओ को शीघ्रता से लाभार्थियों की सूची साफ्टवेयर पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। लक्ष्य का निर्धारण देरी से होने के कारण अभी प्रक्रिया गतिमान है। पिछले वर्ष के अवशेष आवासों को इसी माह के अंत तक पूर्ण करा लिया जाएगा। - वीरेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक