लखीमपुर खीरी। तिकुनिया हिंसा कांड में बृहस्पतिवार को गवाही की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। अभियोजन पक्ष गवाह द्वारिका प्रसाद को अदालत में पेश कर चुका था, लेकिन जिला जज शिवकुमार सिंह के प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त होने के कारण उनके बयान दर्ज नहीं हो सके। अब गवाही के लिए 28 अक्तूबर की तारीख तय की गई है।
तिकुनिया थाना क्षेत्र के बनवीरपुर निवासी द्वारिका प्रसाद को अभियोजन पक्ष ने गवाही के लिए अदालत में पेश किया था। जिला जज ने बयान दर्ज करने के लिए 28 अक्तूबर की तारीख मुकर्रर की है।
इस मामले की सुप्रीम कोर्ट भी निगरानी कर रहा है। वहां 26 अक्तूबर को सुनवाई होनी है। सुप्रीम कोर्ट ने विजिलेंस इंक्वायरी की जांच रिपोर्ट, जो सीलबंद लिफाफे में पेश की गई थी, खोलकर अग्रिम कार्रवाई के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के समक्ष रखने का निर्देश दिया है।
क्रॉस केस में 29 अक्तूबर को अंतिम बहस
तिकुनिया हिंसा क्रॉस केस में अंतिम बहस के स्तर पर सुनवाई चल रही है। बृहस्पतिवार को अदालत ने सुनवाई आगे बढ़ाते हुए बहस के लिए 29 अक्तूबर की तारीख तय की है।