सिकंदराबाद। लखीमपुर-सिकंदराबाद रोड पर गड़िया पुलिया के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक से गोला जा रहे रोशननगर निवासी युवक को रौंद दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
थाना नीमगांव की सिकंदराबाद चौकी के रोशननगर निवासी 21 वर्षीय आनंद सोमवार की दोपहर बाइक से अपने माता-पिता से मिलने गोला जा रहे थे। अमेठी चौराहे के आगे गड़िया पुलिया लखीमपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। आनंद डंपर के पहिये के नीचे आ गया। सिर कुचलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। हादसे की सूचना पर चौकी प्रभारी सिकंदराबाद मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद डंपर चालक फरार हो गया था लेकिन पुलिस ने दौड़ाकर डंपर को कब्जे में लेकर उसे अमेठी पेट्रोल पंप पर खड़ा करा दिया है। थानाध्यक्ष नीमगांव श्रद्धा सिंह ने बताया कि चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
मृतक आनंद। संवाद