लखीमपुर खीरी। वर्तमान समय में सोने और चांदी के दाम आसमान छू रहे हैं। इसके बावजूद सोना और चांदी की मांग सुरक्षित निवेश और शादियों में लेन-देन के हिसाब से बराबर बनी हुई है। हालांकि, दाम बढ़ने के बाद शादी वाले घरों में अब लोग लाइट वेट ज्वेलरी की तरफ अपना रुख कर रहे हैं।
आगामी पांच फरवरी को शादियों की पहली लग्न है। इसको लेकर लोग अभी से खरीदारी में जुट गए हैं। लगातार बढ़ती जा रही सोने और चांदी की कीमतों को लेकर ग्राहक महज रस्म अदायगी कर रहे हैं। ग्राहकों की मांग के अनुसार ही सराफा व्यापारी आभूषण बनवा रहे हैं। कीमतें बढ़ने और ग्राहकों द्वारा वजन में की जा रही कमी से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
करीब एक महीने पहले चांदी के मूल्यों में इस कदर बढ़ोतरी हुई कि धीरे-धीरे कीमत करीब ढाई लाख के करीब पहुंच गई। सोने की चमक पहले से ज्यादा बढ़ चुकी है। लगातार कीमतों में हो रहे इजाफे से मध्यम वर्गीय लोगों की पहुंच से सोना और चांदी बाहर होता जा रहा है। सराफा व्यापारियों का कहना है कि हर इसी तरह कीमतें बढ़ती रही तो हम लोगों को भी स्टाॅक लगाने से पहले कई बार सोचना पड़ेगा।
रविवार को सोने का मूल्य एक लाख 42 हजार रुपये प्रति दस ग्राम तक पहुंच गया। व्यापारियों को इस की भी चिंता सताने लगी है कि कहीं स्टाक लगाने के बाद मूल्यों में गिरावट हो गई तो काफी नुकसान झेलना पड़ सकता है। कीमतें बढ़ने की वजह से बिक्री में भी कमी आई है।
शहर के एक सराफा शोरूम पर खरीदारी करने आईं सीमा पटवारी का कहना है कि उनके बेटे की शादी है। शादी में सोने और चांदी के आभूषण खरीदने को लेकर बजट अलग से रखा था लेकिन बढ़ती कीमतों के बाद अब कम वजन के आभूषण लेने पड़ रहे हैं। सतीश ने बताया कि जनवरी में उनकी सालगिराह है। पत्नी को उपहार में कमरबंद देने की सोची थी लेकिन अब शायद उसके लिए कुछ और ही लेना पड़ेगा।
शोरूम पर चढ़ने के बाद ग्राहक कीमत सुनते ही हैरान हो जाता है। वह जो सोचकर आता है, बजट से बाहर होने की वजह से उसकी खरीदारी नहीं कर पाता। ऐसे में हम लोगाें के व्यापार पर भी खासा असर देखने को मिल रहा है।
शिवम गुप्ता, सौभाग्य ज्वेलर
चांदी की कीमत में इजाफा होने के चलते शादियों में खरीदे जाने वाले गहनों की महज रस्म अदायगी हो रही है। कुछ महीनों पहले जो बिक्री हो रही थी, उसके सापेक्ष करीब 60 प्रतिशत बिक्री पर असर पड़ा है।
हर्ष सेठ, काशीनाथ सेठ ज्वेलर
हर्ष सेठ- फोटो : सांकेतिक
हर्ष सेठ- फोटो : सांकेतिक