रूट डायवर्जन होने से खीरी कस्बे से निकले वाहन। संवाद
लखीमपुर/खीरी टाउन। हरगांव में रेल ओवरब्रिज निर्माण के चलते छह दिन के लिए सीतापुर हाईवे बंद है। रूट डायवर्जन होने से सीतापुर-लखननऊ जाने वाले अधिकांश वाहन खीरी टाउन-लहरपुर होकर गुजर रहे हैं। पहले दिन मंगलवार को खीरी टाउन में बाजार की साप्ताहिक बंदी की वजह से अधिकांश दुकानें बंद रहीं, जिसकी वजह से जाम की समस्या नहीं रही, लेकिन बुधवार को बाजार खुलने और वाहन गुजरने से जाम की समस्या हो सकती है।
रूट डायवर्जन मंगलवार सुबह छह बजे से लागू हो गया था। सुबह छह बजे से ही खीरी टाउन से छोटे वाहनों से लेकर रोडवेज बसें निकलने लगी थीं। खीरी टाउन में संकरी सड़कें होने और कई जगह मोड़ होने की वजह से अधिकांश वाहन जाम में फंस जाते हैं। पहले दिन साप्ताहिक बंदी से भले ही राहत मिल गई, अन्य दिनों में राहत की कोई भी गुंजाइश नहीं है। गर्मी के बीच जाम लोगों को परेशान करेगा।
बेहजम-कस्ता से कम निकल रहे वाहन
सीतापुर हाईवे बंद होने से दो मार्गों से रूट डायवर्ट किया गया है। एक तो खीरी टाउन, जिस पर सबसे ज्यादा वाहन गुजरते हैं, जबकि दूसरा बेहजम, कस्ता होते हुए रूट निर्धारित किया गया है। इस रूट पर वाहन तो निकलते हैं, लेकिन हाईवे होने और कोई मोड़ न होने की वजह से जाम जैसी स्थिति नहीं बनती। यह रूट लंबा होने की वजह से अधिकांश लोग खीरी टाउन से ही निकलते हैं, जहां जाम लगता है
13 से 18 अप्रैल तक फिर बंद होगा हाईवे
पहले चरण का काम पूरा होने के बाद छह अप्रैल की शाम छह बजे से हाईवे खोल कर यातायात पहले की तरह बहाल कर दिया जाएगा। दूसरे चरण में 13 अप्रैल से काम शुरू होना है। ऐसे में 13 से 18 अप्रैल तक फिर एक बार लखीमपुर सीतापुर फोरलेन हाईवे की हरगांव रेलवे क्रॉसिंग को पूरी तरीके से बंद कर दिया जाएगा। हाईवे बंद होने से फिर वही डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। इसी तरह वाहन लखीमपुर से सीतापुर और सीतापुर से लखीमपुर आ जा सकेंगे।