पिछले तीन वर्ष से डीटीआर में हो रही है एम स्ट्राइप एप से स्मार्ट पेट्रोलिंग
लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व के कर्मी 29 जुलाई टाइगर्स डे पर लांगरूट पेट्रोलिंग में अपना ही रिकार्ड तोड़ने की तैयारी में हैं। पिछले साल टाइगर्स डे के मौके पर डीटीआर (दुधवा टाइगर रिजर्व) के कर्मियों ने एक दिन में पांच हजार किलोमीटर लांगरूट पेट्रोलिंग का रिकार्ड बनाया था। यहां बता दें कि लांग रूट पेट्रोलिंग विशेष परिस्थितियों और अवसरों पर की जाती है। आर्मी की तर्ज पर होने वाली इस पेट्रोलिंग में अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक शामिल होते हैं।
वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए जंगल में लगातार गश्त की जा रही है। पिछले तीन वर्ष से डीटीआर में एम स्ट्राइप एप से लैस स्मार्ट पेट्रोलिंग भी हो रही है। इसमें भी डीटीआर ही बाजी मारता रहा है। पिछले साल 29 जुलाई को होने वाले टाइगर्स डे के मौके पर लांग रूट पेट्रोलिंग की गई थी। इसमें पेट्रोलिंग टीमों ने बाइक, ट्रैक्टर, नाव और जीप आदि के अलावा पैदल गश्त करते हुए 5000 किलोमीटर पेट्रोलिंग की थी, जो एक रिकॉर्ड था। दुधवा टाइगर रिजर्व प्रशासन ने आने वाले टाइगर्स डे पर पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर अधिक लंबी दूरी की लांग रूट पेट्रोलिंग करने का निर्णय लिया है।
लांग रूट पेट्रोलिंग के लिए टीमों का गठन कर रूट चार्ट तैयार कर लिया गया है। दुर्गम स्थलों पर पेट्रोलिंग के लिए ट्रैक्टर आदि की व्यवस्था की गई है। लांगरूट पेट्रोलिंग में वनकर्मियों और फील्ड अधिकारियों के अलावा स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स के जवान भी शामिल रहेंगे। पेट्रोलिंग के दौरान रास्ते में पड़ने वाले नदियों नालों को पार करने के लिए नावों की भी व्यवस्था की गई है। लांग रूट पेट्रोलिंग के दौरान कोविड प्रोटोकाल का पूरी तरह पालन किया जाएगा। संवाद
पिछले साल टाइगर्स डे के मौके पर दुधवा टाइगर रिजर्व में एक दिन के अंदर 5000 किलोमीटर लांग रूट पेट्रोलिंग का रिकॉर्ड बना था। इस साल इससे अधिक लांग रूट पेट्रोलिंग कर रिकॉर्ड बनाकर पिछला रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी है। - संजय पाठक, फील्ड डायरेक्टर दुधवा टाइगर रिजर्व