चंदनचौकी में लगे स्वास्थ्य शिविर में कर्मचारियों को देखते चिकित्सक। स्रोत : वन विभाग
पलियाकलां। दुधवा नेशनल पार्क की कई रेंजों में पार्क प्रशासन की ओर से कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही उनको उचित परामर्श दिया गया।
्रबेलरायां रेंज के रमुआपुर स्कूल में गैंडों के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जिसमें अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्वच्छंद विचरण करने वाले गैंडों के बारे में विस्तार से बताया और उनके संरक्षण में सहयोग करने की बात कही।
दुधवा नेशनल पार्क के डीडी जगदीश आर ने बताया कि बरसात के समय पार्क क्षेत्र संवेदनशील हो जाता है और वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ ही अधिकारियों व कर्मचारियों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण होता है। इसी को देखते हुए दुधवा पार्क की बेलरायां रेंज, उत्तर सोनारीपुर रेंज किशनपुर की बांकेगंज में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
इसमें दक्षिण सोनारीपुर और बेलरायां रेंज का संयुक्त स्वास्थ्य शिविर चंदनचैकी रेंज परिसर में आयोजित हुआ। यहां पलिया सीएचसी अधीक्षक डाॅ भरत सिंह व उनकी टीम के डाॅक्टरों द्वारा कर्मचारियों को चेकअप करने के साथ ही उनको दवाएं व परामर्श दिया। किशनपुर के मैलानी रेंज के अधिकारियों व कर्मचारियों का चेकअप बांकेगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।
इसके अलावा दुधवा में गैंडा पुर्नवास केंद्र से स्वच्छंद विचरण करने वाले चार गैंडों के लिए जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन बेलरायां रेंज के रमुआपुर स्कूल में किया गया। इसमें दुधवा संरक्षण फाउंडेशन के धनीराम व नाजरून निशा ने ग्रामीणों को गैंडों के बारे में जानकारियां दीं। साथ ही पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण व वाइल्ड लाइफ डाक्यूमेंट्री के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।