मझगईं। गर्मी शुरू हो गई है। तेज धूप खिलने की वजह से दिन में सड़क पर निकलना भी मुश्किल है। ऐसे में पानी की आपूर्ति बंद है। वो भी पिछले 15 दिनों से। जल निगम की लापरवाही के चलते करीब 20 हजार कस्बावासी परेशान हैं। आपूर्ति न आने से लोग घरों में लगे हैंडपंप का आर्सेनिक युक्त पानी पीने के लिए मजबूर हैं।
कस्बा मझगईं की 20 हजार की आबादी की प्यास बुझाने और शुद्ध पानी मुहैया कराने के लिए जल निगम ने लाखों रुपये खर्च कर टंकी का निर्माण कराया था, लेकिन टंकी सुचारू रूप से चल पाने में नाकाम साबित हो रही है। कस्बा निवासी प्राथमिक विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक राधेश्याम पांडेय ने बताया कि गर्मी के मौसम में अक्सर जब अधिक पानी की जरूरत होती है तो पानी मिलना बंद हो जाता है। करीब तीन साल से यह बराबर हो रहा है। पानी की आपूर्ति पुन: बहाल होने में महीनों लग जाते हैं। इन दिनों प्यास बुझाने के लिए लोग घरों में लगे हैंपपंप का आर्सेनिक युक्त पानी पीने के लिए मजबूर हैं। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि टंकी पर तैनात ऑपरेटर मनमाने ढंग से पानी की आपूर्ति देता है, सुबह थोड़ी देर सप्लाई देने के बाद बंद कर दी जाती है। पानी न मिलने से ग्रामीणों में रोष है। इस बारे में जल निगम के जेई पवन कुमार पांडेय ने बताया कि मोटर फुंक गया था, जिसको बदलवाकर नया लगवाया गया है। जल्द ही पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
बिजुआ : आठ दिन से पेयजल आपूर्ति ठप, ईओ का दावा फेल
बिजुआ। पानी की टंकी की मोटर खराब होने की वजह से आठ दिन से भीरा नगर पंचायत के लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा। ईओ ने दावा किया था कि मंगलवार को पानी की आपूर्ति शुरू हो जाएगी, लेकिन दावा कोरा साबित हुआ। गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति ठप होने से लोग परेशान हैं। एक समुदाय के रोजे चल रहे हैं जिन्हें रात में पानी की बहुत आवश्यकता होती है। दिन का रखा पानी पीकर रोजेदार परेशान हो रहे हैं। रात में दूरदराज हैंडपंप से पानी लाना खतरे से खाली नहीं है। ईओ नगर पंचायत भीरा राजेश चौधरी ने बताया कि लगातार मैकेनिक लगे हुए हैं। पूरा प्रयास है कि मंगलवार की देर रात पानी की आपूर्ति बहाल हो जाएगी। बुधवार को परेशानी नहीं होगी। संवाद
19 महीने बीते, पाइप लाइन बिछी न ही बन पाया ओवरहेड टैंक
ममरी। ब्लॉक कुंभी गोला क्षेत्र की ग्राम पंचायत हैदराबाद में सरकार की जल जीवन मिशन योजना में बरती जा रही लापरवाही लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। डेढ़ साल से चल रहा निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। इससे लोगों को नल से जल नहीं मिल सका है।
हैदराबाद के ग्राम प्रधान आजाद अली का कहना है कि ठेकेदार ने जल जीवन मिशन का निर्माण डेढ़ वर्ष पूर्व शुरू कराया था। ग्रामीणों को एक साल के अंदर नल से जल देने का आश्वासन दिया गया था। 19 महीने बीत गए, फिर भी पाइप लाइन बिछाने और ओवरहेड टैंक का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो पाया है।
गांव के रास्ते पाइप लाइन बिछाने के लिए खुदे पड़े हैं। जहां से होकर लोगों का निकलना दूभर है। पंचायत सचिव शैलवी बाजपेई का कहना है कि जल निगम के जेई और अधिकारियों को मामले की जानकारी दी जा चुकी है। संवाद
हैदराबाद में पाइप लाइन बिछाने के लिए खुदे पड़े रास्ते।