लखीमपुर खीरी। लखनऊ से आई एंटी नारकोटिक्स विभाग की टीम ने सदर कोतवाली पुलिस के साथ छापा मारते हुए दो आरोपियों के पास से दस करोड़ कीमत की एक किलो नशे की दवा (मेफेड्रॉन) बरामद की है। रविवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। वहीं अस्पताल संचालक मोहम्मद खालिद फरार बताया जा रहा है।
एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि शनिवार को महेवागंज के निकट उल्ल नदी के किनारे स्थित रॉयल केयर मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में छापा मारकर राकेश विश्वकर्मा निवासी ग्राम अग्गरखुर्द थाना फूलबेहड़ और विक्रम सिंह निवासी ग्राम सुजानपुर थाना धौरहरा को गिरफ्तार किया गया।
संयुक्त टीमों ने दोनों के कब्जे से एक किलो मेफेड्रॉन बरामद किया है। बरामद नशे की दवा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मौके से अस्पताल संचालक डॉक्टर खालिद निवासी मोहल्ला शिवपुरी भाग गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों ने बताया कि वे लोग नेपाल से मेफेड्रॉन की तस्करी कर सीमा से सटे जिलों में बेच देते थे। यह लोग शनिवार को एक पार्टी के हाथ माल बेचने की फिराक में थे, इससे पहले ही वह पकड़ लिए गए। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है।