मैगलगंज। लखनऊ-दिल्ली को जोड़ने वाले एनएच-30 पर वाहन चालक टोल देकर भी गड्ढों से जूझ रहे हैं। मैगलगंज क्षेत्र में कई जगह सड़क की ऊपरी परत उखड़ने से गड्ढे हो गए हैं।
बारिश के बाद इनसे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है और हादसों का खतरा बना है। एनएचएआई के जिम्मेदार गड्ढों की वजह बारिश बता रहे हैं और जल्द मरम्मत का दावा कर रहे हैं।
एनएच-30 पर कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ने से गड्ढे हो गए हैं। तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक गड्ढे सामने आने से वाहन अनियंत्रित होने का खतरा रहता है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति ज्यादा जोखिम भरी है। रात में गड्ढे दिखाई न देने से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालक टोल शुल्क अदा कर रहे हैं। इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि सड़क के इस्तेमाल के नाम पर टोल लिया जा रहा है तो हाईवे को सुरक्षित और गड्ढामुक्त रखना भी जिम्मेदार संस्था की प्राथमिकता होनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने एनएचएआई अधिकारियों से हाईवे का स्थलीय निरीक्षण कर गड्ढे तत्काल भरवाने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने की मांग की है।
एनएचएआई के डिप्टी मैनेजर दीपक कुमार ने बताया कि बारिश की वजह से हुए गड्ढों को देख लिया गया है। जल्द ही उन्हें भरवाकर रोड के लेवल में लाया जाएगा, ताकि यातायात सुचारु रूप से चल सके।