लखीमपुर खीरी के मैगलगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क हादसा हो गया। बरेली-सीतापुर फोरलेन हाईवे पर ट्रक और ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। इससे ट्रक चालक की मौत हो गई।
लखीमपुर खीरी के मैगलगंज थाना क्षेत्र में बरेली-सीतापुर फोरलेन हाईवे पर सोमवार सुबह ट्रक और ट्रैक्टर की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक सड़क किनारे खाई में पलट गया। इससे ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। वहीं ट्रैक्टर के दो टुकड़े हो गए।
विज्ञापन
हादसा बरेली-सीतापुर फोरलेन हाईवे पर मैगलगंज बाईपास के निकट सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। यहां सीतापुर की ओर से आ रहे ट्रक की शाहजहांपुर की ओर से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से आमने-सामने टक्कर हो गई।
हाईवे पर बाधित रहा यातायात
हादसे में ट्रक चालक आजाद निवासी गोधना, जिला मुजफ्फरनगर की मौत हो गई। हेल्पर जुनैद घायल हो गया। उसे अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अलग होकर क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। इसके बाद यातायात सुचारू हो सका।