मझगई। क्षेत्र की त्रिलोकपुर ग्राम पंचायत में नालियों की सफाई न होने के कारण नालियां चोक हो गई हैं। नालियों का गंदा पानी सड़क पर भरता है। इससे निकलने में ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सबसे बुरा हाल प्राथमिक विद्यालय के पास रास्ते का है, यहां से बच्चे व ग्रामीण गंदे पानी से होकर निकलने को विवश हैं।
पलिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत त्रिलोकपुर में जिम्मेदारों की लापरवाही से कारण सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। ग्रामीणों के अनुसार, अरसे से सफाई न होने के कारण नालियां चोक हो गईं हैं और हल्की बारिश होने पर प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के पास रास्ता तालाब बन जाता है। कूड़े के ढेर लगे होने से उठने वाली दुर्गंध से लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
ग्रामीण राहिद अली, रामेंद्र, बृजेश, राजेश कुमार, राकेश कुमार, रमेश कुमार गजराज आदि ने डीएम से गांव में व्याप्त गंदगी और जलभराव से निजात दिलाए जाने की मांग की है।