लखीमपुर खीरी। राजधानी लखनऊ में कोविड के नए वैरियंट जेएन 1 का मरीज मिलने के बाद लोगों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस बार कोराना वायरस कमजोर है, इसलिए डरने की नहीं सतर्क रहने की जरूरत है।
सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि कोविड को लेकर सभी तैयारियां पूरी हैं। इसको लेकर जिन जगहों पर ऑक्सीजन प्लांट खराब हैं, वहां सही कराया जा रहा है। हालांकि उसकी जगह पर तब तक कंसन्ट्रेटर, सिलिंडर की व्यवस्था कर ली गई है। इसके अलावा जिला अस्पताल, सभी 15 सीएचसी व 60 पीएचसी पर भी बेड की व्यवस्था की गई है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में दस्ताने, दवाइयां व पीपीई किट भी उपलब्ध हैं।
सीएमओ ने बताया कि अगर किसी मरीज को सर्दी, खांसी, जुकाम या कोविड के लक्षण लग रहे हैं तो वह अस्पताल में चिकित्सक से परामर्श ले। एहतियात के तौर पर भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचे। मास्क का प्रयोग करे और घर आने पर हाथ-पैरों को धोए।
यह की गई है व्यवस्था
ऑक्सीजन सिलिंडर 635
कंसन्ट्रेटर 697
जम्बो बड़े सिलिंडर 135
वेंटिलेटर 15
10 बेड का अलग वार्ड
ओयल में ऑक्सीजन सिलिंडर का रिफिलिंग प्लांट
शासन से अब तक एडवाइजरी नहीं आई है। हालांकि पहले से ही तैयारी कर ली है। जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी में बेड सुरक्षित कर दिए गए हैं। इसलिए लोगों को डरने की जरूरत नहीं है।
- डॉ. संतोष गुप्ता, सीएमओ