लखीमपुर खीरी के जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर महिला मरीज के पेट से 10 किलो का ट्यूमर निकाला। ट्यूमर की वजह से महिला बेहद परेशान थी। सफल ऑपरेशन के बाद उसे राहत मिली है।
लखीमपुर खीरी के मेडिकल कॉलेज के अधीन जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने एक चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को अंजाम दिया है। डॉक्टरों ने महिला के पेट से 10 किलो का ट्यूमर निकाला है। सफल ऑपरेशन के बाद मरीज अब पूरी तरह से स्वस्थ है।
विज्ञापन
शहर के मोहल्ला गढ़ी रोड निवासी कैलाश की 45 वर्षीय पत्नी पार्वती कश्यप खून की कमी और पेट में दर्द की शिकायत से परेशान थीं। पार्वती करीब दो-ढाई महीने से निजी अस्पतालों के चक्कर लगा रही थीं। ऑपरेशन न हो पाने पर पिछले सप्ताह सरकारी अस्पताल में भर्ती हुई थीं। पार्वती के सीटी स्कैन की जांच से पता चला कि पेट में एक टेराटोमा नाम का ट्यूमर है, जो लगभग 10 किलो का है। ट्यूमर ने लगभग पूरे पेट को कवर कर रखा था।
मरीज को मिली नई जिंदगी
ट्यूमर की वजह से पेट, छोटी आंत, बड़ी आंत और पेशाब की नालियों में दबाव पड़ने की वजह से मरीज ठीक से खाना नहीं खा पा रहा था। पेशाब करने में भी परेशानी हो रही थी। शनिवार को वरिष्ठ सर्जन सीएमएस डॉ. आरके कोली, सर्जन डॉ. रामजी, डॉ. आयुष, डॉ. अरविंद, डॉ. एसके मिश्रा की एनेस्थेटिक टीम ने ऑपरेशन कर दिया। ट्यूमर निकलने से मरीज को नई जिंदगी मिली। मरीज को ऑपरेशन के बाद 12 घंटे के लिए एचडीयू में रखा गया। अब वह पूरी तरह स्वस्थ है। ऑपरेशन में ओटी स्टाफ रेखा, रवि शुक्ला का भी सहयोग रहा।
विज्ञापन
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरके कोली ने बताया कि ऐसे जटिल ऑपरेशन से डॉक्टर्स को भी मेडिकल क्षेत्र में नई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इस बड़े ऑपरेशन की सफलता को लेकर संबंधित अधिकारियों ने पूरी टीम को बधाई दी है।