गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली क्षेत्र के गांव अंबारा निवासी एक व्यक्ति ने निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत को लेकर डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
गांव अंबारा निवासी अजय अवस्थी ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि वह अपनी गर्भवती पत्नी शिल्पी का इलाज लखीमपुर मार्ग स्थित एक क्लीनिक से करा रहा था। डॉक्टर ने बताया कि प्रसव ऑपरेशन से होगा। चार जून सुबह 8:00 बजे वह पत्नी को लेकर क्लीनिक पर गया। वहां पता चला कि डॉक्टर नहीं है, बावजूद इसके पर्चा बनाने वाले ने पत्नी को भर्ती कर लिया।
उसने कहा, सामान्य प्रसव हो जाएगा। प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। अजय अवस्थी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत आती है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद