लखीमपुर खीरी। सीएमओ कार्यालय सभागार में जन्म-मृत्यु पंजीकरण को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के सभी डिलीवरी प्वाइंट पर तैनात एएनएम और स्टाफ नर्स को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने की।
सीएमओ ने कहा कि प्रसव के बाद किसी भी मरीज को 48 घंटे से पहले अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि यह समय मां और नवजात शिशु के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों को मरीज और उनके तीमारदारों को मां और बच्चे की देखभाल, स्तनपान कराने का सही तरीका, छह माह बाद बच्चों के आहार, बच्चों में अंतर रखने के लाभ, नसबंदी के फायदे और प्रसव के बाद स्वच्छता संबंधी जरूरी जानकारी देना अनिवार्य है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि इसी अवधि में नवजात का जन्म प्रमाणपत्र बनाकर देने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। प्रशिक्षण के दौरान टीकाकरण से संबंधित जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी व एसीएमओ डॉ. एसपी मिश्रा और एसीएमओ डॉ. आरएम गुप्ता सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।